लेखक अपने विचारों के माध्यम से एक दार्शनिक तत्व को प्रकट करता है। मेरे लिए यह लेख अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज जो कुछ भी मैं लिखता हूं, अथवा मेरे विचारों में जो भी उत्तम शब्द हैं, उनमें से अधिकांश का श्रेय मेरे पूज्य, गृहस्थ संत तत्वदर्शी गुरु जी श्रीमान श्री सुदर्शन सिंह जी को जाता है।
मेरे अपने गुरुजी से दूसरी बार सशरीर भेंट नहीं हो सकी, परंतु इसके बावजूद उनका स्नेह, सान्निध्य और मार्गदर्शन मुझे निरंतर प्राप्त होता रहा है। यह मेरा परम सौभाग्य है। मैं अपने दूसरे गुरु, पूज्य स्वामी श्री रामसुखदास जी महाराज का आजीवन ऋणी हूं, जिनकी कृपा से मुझे अपने गुरु श्री सुदर्शन सिंह जी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
यद्यपि मैं अपने गुरुजी के बारे में बहुत अधिक नहीं जानता, फिर भी उनके दिव्य वचनों को आधार बनाकर उनके जीवन और दर्शन पर यह लेख लिखने का प्रयास कर रहा हूं। सभी के लिए गुरु महान होते हैं — और होने ही चाहिए। मेरे लिए तो मेरे गुरुजी साक्षात् संपूर्ण ईश्वर स्वरूप हैं। ऐसा कहने के पीछे एक गूढ़ कारण है — क्योंकि ईश्वर ही ईश्वर के सदृश ज्ञान दे सकता है।
ईश्वर भेदभाव, जाति, धर्म, मान–अपमान — इन सब सीमाओं से परे है। मेरे गुरुजी ने मुझे स्वामी श्री रामसुखदास जी महाराज के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि अपने माता-पिता के बाद मेरे जीवन पर जिनका सर्वाधिक प्रभाव पड़ा, वे गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी एक महान संत है- श्री सुदर्शन सिंह जी।
जब मैंने अपने गुरुजी से साथ चलने का आग्रह किया, तो उन्होंने मुस्कुराकर कहा —
“यह कार्य हमारा नहीं है। कोई किसी को साथ लेकर नहीं जाता। जीवन से लेकर मृत्यु तक — और ईश्वर तक की यात्रा — स्वयं ही करनी पड़ती है।”
गुरुजी ने कभी कोई नियम नहीं बताए, न ही अपने बारे में विशेष कुछ कहा। वे केवल जीव, ईश्वर और तत्वदर्शन के विषय में बोलते रहे — और मैं सुनता रहा। उस समय ऐसा लगा मानो मेरे सारे प्रश्न शांत हो गए।
एक शब्द का वास्तविक अर्थ समझने के लिए पूरे वाक्य को समझना आवश्यक है, और एक वाक्य का सही अर्थ जानने के लिए उसके सृजन स्रोत को समझना पड़ता है।
गृहस्थ संत का सरल व्यक्तित्व
श्री सुदर्शन सिंह जी के जीवन से झलकती सरलता और सादगी ही उनके संतत्व की पहचान है। मैंने अपने अनुभव में पाया कि वे अत्यंत विनम्र, सहज और समर्पित व्यक्तित्व हैं। मुझे परम आनंद है कि मुझे उनके सान्निध्य का अवसर प्राप्त हुआ। मेरा सौभाग्य है कि मुझे तीन महान पुरुषों का सान्निध्य मिला — उनमें प्रमुख हैं गुरुजी श्री सुदर्शन सिंह जी।
संत के बारे में वास्तविक विवेचना केवल एक संत चिंतक हीं कर सकता है। मैंने संतों का निकट से संग प्राप्त किया है, और संभवतः उन्हीं के आशीर्वाद से आज मैं अपने शब्दों के माध्यम से यह सब प्रकट कर पा रहा हूं।
वास्तविक तत्वदर्शी महात्मा समाज में अत्यंत सामान्य व्यक्तित्व लेकर जीते हैं। वे अपने तत्वज्ञान का प्रचार नहीं करते, बल्कि अपने जीवन से उसका उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
—
गुरुजी से संवाद
एक बार जब मैं गुरुजी से मिला, तो मैंने उनसे निवेदन किया —
“गुरुदेव! आपके पास जो दिव्यता और विशेष ज्ञान है, उसे संसार के सामने आना चाहिए।”
मेरे आग्रह को ध्यान में रखते हुए गुरुजी ने विनम्रता से अनुमति दी। तभी से मैं उनके वचनों को समाज के हितार्थ लिखने का प्रयास कर रहा हूं।
गुरुजी को मैंने कभी क्रोधित नहीं देखा। वे सदैव शांत, संयमी और समाधिस्थ रहते हैं। जब मैं किसी विचार के निष्कर्ष पर पहुंचता हूं, तो उसकी पुष्टि के लिए उनसे चर्चा करता हूं। वे हर प्रकार की उलझन का समाधान सहजता से दे देते हैं।
उनकी एक विशेषता यह है कि वे अपने विचार कभी किसी पर थोपते नहीं। वे सदैव एक ही विषय के दोनों पहलुओं को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करते हैं। उनके वचनों में ईश्वरीय तत्वों की झलक होती है।
—
गुरुजी का जीवनदर्शन
गुरुजी ने अपनें जीवन के बारे में बहुत संक्षेप में कहा —
“मैं बाल्यकाल से ऐसा नहीं था। मैं एक समृद्ध कृषक परिवार से रहा। मेरे पिता स्वयं एक महान व्यक्तित्व में गृहस्थ संत थे। परमात्मा में लीन में स्वर्गवासी श्री विषुन दयाल सिंह। जिनका सम्मान अनेक संत भी किया करते थे। मुझे गर्व है कि मैं ऐसे पिता का पुत्र हूं। संस्कार मुझे विरासत में मिले। मैंने अपने पिता से सदैव भलाई करने की प्रेरणा सुनी और संतों की सेवा का आदर्श देखा।”
गुरुजी आगे कहते हैं —
“ईश्वर की कृपा से मेरे भीतर आत्मबल जागृत हुआ। एक साधारण, पीछे बैठने वाला विद्यार्थी अचानक आगे बढ़ने को प्रेरित हुआ। जिस दिन दृष्टि बदली, विचार बदले — उसी दिन से जीवन का मार्ग भी बदल गया।”
गुरुजी किसी साधारण चर्चा में समय नष्ट नहीं करते। वे प्रत्येक बात को गहराई से आत्मसात कर लेते हैं। समाज की दृष्टि में वे एक साधारण व्यक्ति हैं, परंतु वास्तव में वे एक उच्च कोटि के तत्वज्ञानी हैं।
—
माया पर गुरुजी का दृष्टिकोण
गुरुजी ने एक बार एक कथा सुनाई —
एक महात्मा प्रतिदिन प्रवचन दिया करते थे। एक दिन एक भक्त खड़ा हुआ और बोला —
“महाराज! मैं चाहता हूं कि इस संसार की मोह-माया से मुक्त हो जाऊं। कृपा करें, ऐसा उपाय बताएं जिससे मेरा मोह भंग हो जाए।”
महाराज मुस्कुराए, मंच से उतरे, और पास के एक वृक्ष के तने को पकड़कर चिल्लाने लगे —
“बचाओ! बचाओ! बचाओ!”
श्रोता स्तब्ध रह गए। सेवक दौड़कर आए और उन्हें छुड़ाने लगे। कुछ देर बाद महात्मा तने को छोड़कर शांत हो गए और बोले —
“हे मानव! तू यह भ्रम करता है कि माया ने तुझे जकड़ रखा है, जबकि वास्तविकता यह है कि तूने ही माया को पकड़ रखा है। तू स्वयं माया से चिपका हुआ है और सहायता के लिए चिल्ला रहा है।”
गुरुजी ने इस कथा का सार बताया —
“माया ने हमें नहीं बांधा, हमने स्वयं को माया से बांध रखा है।”
—
कर्म, भक्ति और ईश्वर
गुरुजी कहते हैं —
“कर्म से भागा नहीं जा सकता। ईश्वर ने बलयुक्त शरीर इसी उद्देश्य से बनाया है कि हम कर्म करें। अच्छे कर्म और योग्य व्यक्ति की आवश्यकता हर युग में होती है। जब कोई तत्व अनुपयोगी हो जाता है, तो प्रकृति स्वयं उसे समाप्त कर देती है।”
उनका उपदेश स्पष्ट है —
“वास्तविक भक्त बनो। ईश्वर को खोजने की आवश्यकता नहीं, वह स्वयं तुम्हें खोज लेगा।”
गुरुजी को प्रकृति से अत्यंत लगाव है। वे कहते हैं —
“जैसे तुम्हें प्रकृति की आवश्यकता है, वैसे ही प्रकृति को भी तुम्हारी आवश्यकता है। ब्रह्मांड में जो कुछ भी है, सबका अस्तित्व आवश्यक और सम्माननीय है।”
गुरुजी के अनुसार —
“ईश्वर को खुश करने का एकमात्र उपाय है — अपने विचारों की शुद्धि। देवता को प्रसन्न करने के लिए दान, पूजन, पुष्प पर्याप्त हो सकते हैं; परंतु ईश्वर विचारों में है, और वही विचार निर्मल होने चाहिए। यदि तुम ईश्वर के पास कुछ पाने जाओगे, तो वह वस्तु देगा, पर स्वयं को नहीं देगा। ईश्वर की प्राप्ति करनी है तो उसके पास ईश्वर के लिए जाओ।”
—
निष्कर्ष अमृत
गुरुजी के शब्द भेदभाव से परे हैं। उनके विचार किसी भी ग्रंथ से उद्धृत होने के बावजूद मौलिक हैं, क्योंकि उनके पीछे उनका अपना अनुभव है। उनका दर्शन ईश्वरीय तत्व का प्रत्यक्ष विस्तार है।
आज मैं जब गुरुजी के वचनों को शब्दों में ढालता हूं, तो हृदय में अत्यंत आनंद की अनुभूति होती है। मेरे अनुसार, ऐसे महान तत्वज्ञानी संत के विचारों का समाज में प्रसार होना आवश्यक है।
भविष्य में समाज गुरुजी के शब्दों का चिंतन करेगा, और उनके वचन प्रत्येक व्यक्ति के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेंगे।
मेरे समस्त शब्द गुरुजी के चरण-कमलों में समर्पित हैं।